चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 10 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के कनेरा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोर अफीम किसान के घर में रखे प्रतिबंधित अवैध डोडा चूरा के साथ नकदी व जेवरात चुरा ले गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कनेरा थाने पर सरसी गांव निवासी रामप्रसाद धाकड़ ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि गुरुवार रात अज्ञात चोर उसके घर की खिड़की तोड़ अंदर घुसे और वहां पर डोडा चूरा से भरे कट्टो के साथ एक कमरे में रखी आलमारी से डेढ लाख रुपये की नकदी व जेवरात भी चुरा ले गये जबकि घर में ही रखी अफीम बच गई।
पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पीड़ित के पास अफीम खेती का पट्टा है और हाल ही डोडों पर लुराई की हुई अफीम पड़ी थी जिसका नारकोटिक्स विभाग के चल रहे तौल केंद्र पर तौल होना बाकी है। जबकि देश भर में भंडारण, परिवहन व सेवन पर प्रतिबंधित डोडा चूरा को उसने तस्करी के लिए रखा हुआ था।
गौरतलब है कि 2016 से प्रतिबंधित हो चुके डोडा चूरा को नष्ट करना होता है लेकिन सरकार की सख्ती नहीं होने के चलते आज तक किसी किसान ने डोडा चूरा नष्ट नहीं कराया और प्रतिवर्ष नष्टीकरण का नोटिस मिलते ही विरोध प्रदर्शन शुरु कर देते है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित