पौड़ी गढ़वाल,11अप्रेल(वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में बाल विकास परियोजना दुगड्डा द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कोटद्वार में "अफसर बिटिया" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वाज ने की।
कार्यक्रम में डॉ. योगिता कोठियाल ने बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं बेहतर करियर विकल्पों के संबंध में जानकारी दी। पुलिस विभाग की एंटी ट्रैफिकिंग यूनिट से उप निरीक्षक सुमनलता ने बालिकाओं को सुरक्षा, नशे से दूर रहने तथा अंजान व्यक्तियों से सतर्क रहने के प्रति जागरुक किया। वहीं हेड कांस्टेबल विमला नेगी ने साइबर क्राइम से बचाव एवं ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों पर विस्तृत जानकारी साझा की।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र बिडालिया ने बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संदीप बिष्ट ने बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों एवं विभिन्न प्रकार के अपराधों के प्रति जागरुक किया।
सीडीपीओ नेहा बेलवाल ने "अफसर बिटिया" कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया बालिका शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया तथा करियर काउंसलिंग के माध्यम से बालिकाओं का मार्गदर्शन किया। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी ने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें भविष्य के करियर विकल्पों के बारे में उपयोगी जानकारी प्रदान की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित