कैथल/लखनऊ , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि जो लोग जनता का विश्वास खो चुके हैं और लोकतांत्रिक मुकाबले में टिक नहीं पा रहे, वे अफवाहें फैलाकर अराजकता और अव्यवस्था का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। समाज को ऐसे प्रयासों के खिलाफ एकजुट होकर 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के निर्माण में मजबूती से आगे बढ़ना होगा।

मुख्यमंत्री शनिवार को हरियाणा के कैथल जिले के सौंगल गांव स्थित बाबा मुकुट नाथ मठ में ब्रह्मलीन महंत पीर गणेश नाथ जी के आठमान भंडारा, देशमेल और शंखाढाल कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने पूजन-अर्चन कर संतों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आयोजन के लिए महंत पीर शेरनाथ जी महाराज को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान शेरनाथ जी को पीर की पदवी भी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने जनता का भरोसा खो दिया है, वे अब देश की संवैधानिक संस्थाओं लोकसभा अध्यक्ष, न्यायपालिका और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जीतने पर उपलब्धि का श्रेय लेना और हारने पर संस्थाओं को दोष देना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।

योगी ने कहा कि आजादी के बाद कई सरकारें आईं, लेकिन आस्था और सांस्कृतिक विरासत के विषय पर गंभीर पहल नहीं की गई, क्योंकि वे वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति में उलझी रहीं। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और प्रदेश में समान विचारधारा की सरकार बनी, तभी अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित