दुबई , दिसंबर 21 -- अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने एक नई फ्रेंचाइजी-आधारित टी-20 लीग, अफगानिस्तान प्रीमियर लीग शुरु करने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके पहले संस्करण में पांच टीमें होंगी। इसकी शुरुआत अक्टूबर 2026 के आसपास संयुक्त अरबअमीरात (यूएई) होगी।
एसीबी ने 2018 की शुरुआत में भी एक अफगानिस्तान प्रीमियर लीग शुरू की थी और उस टूर्नामेंट का मात्र एक सीजन उसी साल बाद में पांच टीमों के बीच खेला गया था। क्रिस गेल, ब्रेंडन मैकुलम, शाहिद अफरीदी और अन्य जैसे बड़े नाम उस सीजन में खेले थे, लेकिन पेमेंट की समस्याओं और लीग की ईमानदारी को लेकर चिंताएं सामने आने के बाद इसे बंद कर दिया गया था। इसी नाम वाली नई लीग का ड्राफ्ट जून-जुलाई 2026 के आसपास होने की संभावना है।
एसीबी ने एक विज्ञप्ति में कहा, "पहले सीजन में पांच शहर-आधारित फ्रेंचाइजी होंगी, जो अफगानिस्तान के प्रमुख राष्ट्रीय खिलाड़ियों को जाने-माने विदेशी प्रोफेशनल्स और उभरते स्थानीय प्रतिभा के साथ लाएंगी।"एसीबी के चेयरमैन मीरवाइस अशरफ ने शनिवार को दुबई में इसका शुभारंभ करते कहा, "अफगानिस्तान प्रीमियर लीग हमारी क्रिकेट यात्रा में एक अहम कदम है। यह हमारे खिलाड़ियों के लिए नए मौके पैदा करती है, अगली पीढ़ी को प्रेरित करती है, और अफगानिस्तान क्रिकेट को वैश्विक मंच पर दिखाने का मौका देती है। हम एपीएल को देश और विदेश दोनों जगह खेल के विकास और एकता में एक जरूरी योगदान देने वाला मानते हैं।"एसीबी ने इस लीग के लिए ट्रांस ग्रुप और आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स के जॉइंट वेंचर क्रिकेट वेंचर के साथ साझेदारी की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित