नई दिल्ली , दिसंबर 20 -- अफगानिस्तान ने भारतीय उद्योग जगत से वहां भेजी जाने वाली दवाओं की गुणवत्ता को लेकर चिंता व्यक्त की और इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए चुनौती बताया है।
भारत यात्रा पर आये अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मौलवी नूर जलाल जलाली ने शनिवार को यहां पीएचडी वाणिज्य उद्योग मंडल ( पीएचडीसीसीसीआई ) द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कहा कि उनकी इस यात्रा का मुख्य विषय दवा उद्योग है। उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान का बाज़ार भारत, बांग्लादेश और मध्य एशियाई देशों से आपूर्ति पर काफी हद तक निर्भर है लेकिन घटिया गुणवत्ता वाले आयात की चुनौती भी बनी हुई है।" उनके साथ एक उच्चस्तरीय उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया हुआ है। पीएचडीसीसीआई की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस कार्यक्रम ने भारत-अफ़ग़ानिस्तान साझेदारी को सशक्त बनाने, विशेषकर दवा (फार्मास्यूटिकल) और स्वास्थ्य क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा की गयी।
अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री ने अपने देश में सार्वजनिक स्वास्थ्य की प्राथमिकताओं पर ज़ोर देते हुए भारतीय फार्मा उद्योग से गुणवत्ता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "हमारी लगातार चिंता यह रही है कि नकली या निम्न-गुणवत्ता वाली दवाएँ अफ़ग़ानिस्तान में प्रवेश कर रही हैं, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं।" उन्होंने कहा कि दूसरे देशों के साथ हमारी चर्चाओं में यह बात सामने आयी है कि एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए उच्च-गुणवत्ता वाली दवाओं की सुलभता अनिवार्य है।
उन्होंने कहा, ' घटिया या नकली उत्पादों की आपूर्ति करने वालों पर सख़्त प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए, क्योंकि दवा व्यापार में गुणवत्ता और भरोसा सर्वोपरि होना चाहिए।"कार्यक्रम में मुल्तानी फ़ार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड की डॉ. रुचि श्रीवास्तव ने कहा कि स्वास्थ्य और वेलनेस - ऐसा क्षेत्र है जहाँ भारत के पास बहुत कुछ देने को है। मेट्रो कैंसर इंस्टीट्यूट के डॉ. मनीष चौहान ने कैंसर उपचार के क्षेत्र में अफगानिस्तान के साथ सहायता का प्रस्ताव किया।"अफ़ग़ानिस्तान में भारत दूतावास के कार्यवाहक राजदूत करण यादव ने किफ़ायती, गुणवत्तापूर्ण मज़बूत आपूर्ति श्रृंखला और व्यवसाय में परस्पर भरोसे को सफलता का स्तंभ बताया। उन्होंने भारतीय उद्यमियों से अफगानिस्तान में भारत के प्रति लगाव और सम्मान का उल्लेख करते वहां उत्पन्न अवसरों का लाभ उठाने की सिफारिश की1पीएचडीसीसीआई की पेंट्स एंड कोटिंग्स उद्योग पर टास्क फोर्स के अघ्ध्यक्ष चेयर डॉ. रंजीत सिंह ने द्विपक्षीय सहभागिता को आगे बढ़ाने में दोनों तरफ से चल रहे सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित