देहरादून , मार्च 24 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगामी अप्रैल में उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। वह यहां ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के तहत नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। इसकी भनक मिलते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खेमे में खासा जोश और उत्साह का माहौल बन गया है।

भाजपा की महामंत्री दीप्ति भारद्वाज ने यूनीवार्ता को बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन की अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं है लेकिन संभावना है कि अप्रैल के प्रथम सप्ताह में वह यहां आ सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अप्रैल के प्रथम सप्ताह में दिल्ली के अक्षरधाम से देहरादून तक नवनिर्मित एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करेंगे। इसके लिए देहरादून और उत्तराखंड सीमा पर हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि यह 210 किमी लंबा, 6-लेन का नवनिर्मित हाईवे है। जिससे दिल्ली से देहरादून के बीच यात्रा के समय सीमा 6.5 घंटे से घटकर सिर्फ 2.5 से तीन घंटे हो जायगी। इस एक्सप्रेस वे के मध्य में एशिया के सबसे लम्बे वन्यजीव कॉरिडोर राजाजी नेशनल पार्क के पास 12 किलोमीटर का एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बनाया गया है। लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बना यह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट बागपत, शामली और सहारनपुर से होकर गुजरता है। जो इस माह के अन्त तक पूरी तरह से चालू हो जायेगा।

उल्लेखनीय है कि डॉट काली मंदिर के पास 340 मीटर लंबी टनल भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस हाईवे पर कारों के लिए 100 किमी प्रति घंटा की गति सीमा निर्धारित की गई है। यह एक्सप्रेस-वे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भी जुड़ता है।

यह एक्सप्रेस-वे न केवल समय बचाएगा, बल्कि उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित