आगर-मालवा , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में 'मुस्कान' अभियान के तहत बड़ौद पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गत 25 मार्च को फरियादी ने थाना बड़ौद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग भतीजी 23 मार्च को मंत्री कॉलोनी स्थित घर से लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को मिले सुराग के आधार पर आज योजनाबद्ध कार्रवाई कर बालिका को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी पीयूष मीणा निवासी दुधाखेड़ी, थाना भानपुरा, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित