बारां , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी को स्कूल छोड़ने गए व्यक्ति पर जानलेवा हमले और अपहरण की घटना को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने सोमवार को बताया कि 23 दिसंबर को पीड़ित अंकित मीणा अपनी पत्नी को रा. मा विद्यालय पलसावा छोड़कर बाहर निकल रहा था, तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी ने जान से मारने की नीयत से उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन से उतरे आरोपियों ने उसे देसी पिस्तौल दिखाकर धमकाया। उसे स्कॉर्पियो में डाला। बटावदी तिराहे पर ले जाकर लोहे के पाइप और लाठियों से पिटाई की, जिससे के हाथ- पैर, सिर में गंभीर चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लेकर पुलिस दल का गठन किया गया जिसने जांच के बाद मुख्य आरोपी गोलू शूटर और उसके अन्य दो साथी रोहित नायक एवं पवन उर्फ छोट्या उर्फ छोटुलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में सामने आया है कि अंकित मीणा द्वारा करीब दो वर्ष पहले गोलु शूटर के साथ मारपीट की गई थी, जिसका बदला लेने के लिए ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित