बहराइच , दिसम्बर 26 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में अपर मुख्य वन संरक्षक (मध्य क्षेत्र) डॉ. रेणु सिंह ने मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने फखरपुर ब्लॉक के रसूलपुर दरेहटा गांव पहुंचकर पांच दिन पूर्व हिंसक वन्यजीव के हमले में मृतक अंश के परिजनों से मुलाकात की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इस अवसर पर डॉ. रेणु सिंह ने ग्रामवासियों को जागरूक करते हुए अपील की कि वे घर के अंदर ही सोएं, बच्चों की विशेष निगरानी रखें तथा घरों में दरवाजे बंद कर सोने की आदत डालें। उन्होंने कहा कि जिन घरों में अभी दरवाजे नहीं लगे हैं, वे अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था अवश्य करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वन विभाग लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहा है और शीघ्र ही बचे हुए भेड़ियों को भी रेस्क्यू कर लिया जाएगा। इसके पश्चात अपर मुख्य वन संरक्षक ने 24 दिसम्बर को बाघ के हमले से प्रभावित रुपईडीहा क्षेत्र का भी भ्रमण किया। उन्होंने बाघ के संभावित मूवमेंट क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, निगरानी और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से अपील की कि वे वन्यजीवों के फोटो या वीडियो बनाने के लिए स्वयं को किसी भी प्रकार के खतरे में न डालें। उन्होंने कहा कि घटना स्थल पर वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम के पहुंचने तक वन्यजीव से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसे छेड़ने का प्रयास न करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित