श्रीनगर , दिसंबर 19 -- कश्मीर पुलिस की अपराध शाखा ने दो अलग-अलग नौकरी संंबधी धोखाधड़ी मामलों में आरोप पत्र दाखिल किया है।

अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी कि कश्मीर क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने तीन आरोपियों के खिलाफ फर्जी रेलवे भर्ती घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए आरोप पत्र दाखिल किया, जबकि विशेष अपराध शाखा ने एक आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया।

ईओडब्ल्यू ने बीरवा, बडगाम के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में 2025 में दर्ज एफआईआर के तहत तीन आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया, जो फर्जी रेलवे भर्ती घोटाले में कथित रूप से शामिल थे। आरोप पत्र भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दाखिल की गई।

आरोप पत्र के अनुसार आरोपियों में अब्दुल हमीद शेख, आदिल शाह, और मुफ्ती गुलाम हसन कुमार शामिल हैं। ईओडब्ल्यू के अनुसार, मामला मुफ्ती गुलाम हसन कुमार द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत से शुरू हुआ, जिसमें आरोप लगाया गया कि हमीद शेख और आदिल शाह ने उन्हें रेलवे भर्ती बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा जारी कथित फर्जी नियुक्ति पत्र प्रदान किए थे। ये जाली पत्र उत्तरी रेलवे के उप महाप्रबंधक, पहाड़गंज, नयी दिल्ली के फर्जी सील और हस्ताक्षर वाले थे।

शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू कश्मीर ने विस्तृत जांच शुरू की, जिसमें प्रथम दृष्टया स्थापित हुआ कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश रची, पीड़ितों को सरकारी नौकरियों का लालच देकर उनसे बड़ी रकम वसूली। नियुक्ति पत्रों की जांच से पता चला कि वे फर्जी और जाली थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित