श्रीनगर , दिसंबर 30 -- आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्लू) कश्मीर ने एक बड़े भर्ती घोटाले में बांदीपोरा जिले की अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी दी कि यह घोटाला कश्मीर के 1,300 से अधिक प्रशिक्षुओं से जुड़ा है और मामले का मुख्य आरोपी रंजीत प्रसाद फरार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में प्राथमिकी 2022 में दर्ज की गयी थी। आरोप पत्र में ट्रू ड्रीम्स प्रोजेक्ट इंडिया प्रा. लिमिटेड (टीडीआईपी) के निदेशक रंजीत प्रसाद पर प्रशिक्षुओं से रोजगार का वादा कर पंजीकरण शुल्क वसूलने का आरोप है।
टीडीआईपी निदेशक रंजीत प्रसाद बिहार के गोपालगंज जिले के मकसूदपुर का रहने वाला है। अपराध शाखा ने जानकारी दी कि लिखित शिकायत मिलने के बाद यह मामला प्रकाश में आया। इसमें आरोप लगाया गया है कि प्रसाद ने विज्ञापन के जरिये भर्ती अभियान चलाया गया था। इसके तहत करीब 1,300 प्रशिक्षुओं को कंपनी के प्रतिनिधियों के माध्यम से शामिल किया गया।
आरोप है कि प्रशिक्षुओं से पंजीकरण शुल्क 2,400 रुपये लिये गये थे और इसके एवज में उन्हें 5,000 से 12,000 रुपये तक का मासिक वेतन देने का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें कोई वेतन नहीं दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित