‎पटना , दिसम्बर 08 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष और प्रदेश के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने सोमवार को कहा कि अपराध मुक्त बिहार और हर महिला और युवा को रोजगार, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग ) सरकार की दो प्राथमिकतायें हैं।

श्री जायसवाल आज बिहार विधानसभा चुनाव में राजग को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद मुजफ्फरपुर पहुंचे और भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित मिथिला एवं तिरहुत क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के 'आभार एवं अभिनंदन समारोह' में शामिल हुए। समारोह के दौरान उन्होंने बिहार चुनाव के दौरान विशिष्ठ योगदान के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की और सभी को धन्यवाद दिया।

बिहार भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजग को मिली ऐतिहासिक और प्रचंड जीत संगठन की सामूहिक शक्ति, टीमवर्क और जनविश्वास की पहचान है। उन्होंने कहा कि राजग में बेहतर समन्वय और कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत के कारण ही बूथ स्तर तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाया गया और मुस्तैदी से चुनाव लड़ा गया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर राजग के पक्ष में मतदान करवाया, जिसका परिणाम राजग को मिली प्रचंड बहुमत है।

‎ ‎ डॉ. जायसवाल ने कहा कि चुनाव में जीत के बाद राजग सरकार की दो महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं हैं, पहला, कानून का राज और दूसरा अपराध मुक्त बिहार। उन्होंने कहा कि 20 वर्ष पहले 2005 में मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश कुमार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों को जंगलराज से मुक्ति दिलाई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी राजग सरकार की प्राथमिकता बिहार को अपराध मुक्त बनाना है और इसके लिए जो भी फैसले जनता हित में लेने होंगे, लिए जाएंगे। उन्होंने इस क्रम में दूसरी प्राथमिकता के रूप में रोजगार की चर्चा की और कहा कि युवाओ के लिए समुचित रोजगार की व्यवस्था भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

‎ ‎इस अवसर पर प्रदेश के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा एवं राकेश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष ललिता कुशवाहा, प्रदेश मंत्री रीता शर्मा, मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार मौजूद थे।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री सह क्षेत्रीय सह प्रभारी नंदप्रसाद चौहान ने किया और धन्यवाद ज्ञापन मुजफ्फरपुर पश्चिमी के भाजपा जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी ने किया।

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान महादेव की पूजा-अर्चना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित