पटना, अप्रैल 01 -- जनता दल (यूनाइटेड) की प्रवक्ता अंजुम आरा ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की सरकार ने शुरू से ही अपराध के प्रति ''जीरो टॉलरेंस'' की नीति पर काम किया और इसी वजह से प्रदेश में कानून का शासन कायम है।

सुश्री अंजुम ने बयान जारी कर कहा कि बिहार में अपराध जैसे विषय को विपक्ष जानबूझकर बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है और कोशिश कर रहा है कि जनता के बीच भ्रम और भय का वातावरण बनाया जा सके।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना को सरकार काफी गंभीरता से लेती है और चुनौती के रूप में स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मामले में त्वरित कार्रवाई, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, तथा विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करती है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है और अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाई सुनिश्चित की जा रही है ।

सुश्री अंजुम ने कहा कि विपक्ष शायद भूल गया है कि उनके जंगलराज के समय बिहार अपराधियों का गढ़ था, जहां शाम 5 बजे के बाद लोग घर से निकलने से डरते थे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सुशासन में कानून का राज कायम है, अपराधियों की कमर टूट चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित