रायपुर , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कहा है कि राज्य में सरकार बनने के बाद से ही हर प्रकार के अपराधों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हालिया भाजपा नेता द्वारा अफ़ीम की खेती मामले में भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूरे मामले की जांच लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री ने राजधानी में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन को मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित