हरिद्वार, फ़रवरी 01 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रविवार को थाना बहादराबाद पुलिस ने गोकशी, लूट, चोरी, नकबजनी, लड़ाई-झगड़ा, अवैध शराब, अवैध शस्त्र एवं मादक पदार्थों से जुड़े आदतन अपराधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले, आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तथा समाज में भय का वातावरण पैदा करने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इन निर्देशों के अनुपालन में थाना बहादराबाद क्षेत्र में सक्रिय ऐसे 10 आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस के अनुसार इन सभी हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर अब कड़ी और सतत निगरानी रखी जाएगी।
इतना ही नहीं, कानून के तहत प्रत्येक माह इन अपराधियों की थाने में परेड कराई जाएगी, जिससे उनकी गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल कहा कि अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित