अमृतसर , जनवरी 16 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के नेतृत्व में शुक्रवार को आयोजित आंतरिक समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी द्वारा सिख गुरुओं के बारे में कीगयी अपमानजनक टिप्पणियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा के मौजूदा सत्र में जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि द्वारा गुरु साहिबान के बारे में इस्तेमाल की गयी अपमानजनक भाषा सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाएगी। आम आदमी पार्टी के नेता के इस निम्न स्तर रवैये के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, एसजीपीसी ने सिख छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने वाले निश्चय प्रशासनिक सेवा प्रशिक्षण केंद्र के छह छात्रों द्वारा पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने और निश्चय न्यायिक सेवा अकादमी बहादुरगढ़ पटियाला के एक छात्र द्वारा अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड पंजाब द्वारा विधि अधिकारी परीक्षा उत्तीर्ण करने की भी सराहना की।
एडवोकेट धामी ने कहा कि एसजीपीसी यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि सिख छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होकर उच्च पदों तक पहुंचें, ताकि वे गुरु बख्शीश के सिद्धांतों के अनुसार समाज के कल्याण के लिए काम कर सकें। इस बीच, उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब के पवित्र सरोवर में नियमों का उल्लंघन करते हुए युवक के कृत्य की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब के पवित्र नियम हैं और इन नियमों के विरुद्ध कोई भी कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं सिखों के दिलों को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों से श्री हरमंदिर साहिब की यात्रा करते समय पवित्र नियमों का ध्यान रखने की अपील की।
आज की बैठक में आंतरिक समिति ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रशासनिक मामलों और गुरुद्वारा साहिब ट्रस्ट विभाग सहित विभिन्न विभागों के नियमित मामलों पर चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित