पटना , दिसंबर 22 -- बिहार की राजधानी पटना की सड़कें पोस्टरों, बैनरों और होर्डिंग्स से भरी हुई है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के कार्यकर्ता अपने सपूत नितिन नबीन का कुछ वैसे ही बाट जोह रहे हैं, जैसे कभी श्रीकृष्ण के मथुरा से वृंदावन आने का इंतजार हो रहा था।
कुछ ही दिन तो गुजरे हैं बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल के पथ निर्माण मंत्री 45 वर्षीय श्री नबीन ऐसी सुर्खियां बटोर लेंगे, किसी ने सोचा भी नही था। अब वही ख्वाब हकीकत बन गया है और श्री नबीन देश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं के लाडले बन गए हैं।
भाजपा युवा मोर्चा के राजीव तिवारी कहते हैं, पार्टी ने यह निर्णय ले कर जमीन पर कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं के सपने जगा दिए हैं।
श्री नबीन ने महज 45 की उम्र में देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की बागडोर थाम ली है। पिता नबीन किशोर सिन्हा की मृत्यु के बाद वर्ष 2006 के चुनावी मैदान में उतरे श्री नबीन ने कभी मात नही खाई है । उन्होंने पांच चुनाव जीते हैं और सिक्किम और छतीसगढ़ के चुनाव प्रभारी के रूप में वहां पार्टी को जिताया भी है।
पटना की सड़कों पर लगे उनके कट आउट कह रहे हैं कि रातोरात श्री नबीन का कद कितना बढ़ रहा है। पटना 23 दिसंबर को उनके रोड शो का इंतजार कर रहा है। इंतजार वह स्कूल संत माइकल भी कर रहा है, जिसने उनको आरंभिक तालीम दी और चुनाव क्षेत्र बांकीपुर भी जिसने हमेशा विजयी भवः का आशीर्वाद दिया। शहर अपने सपूत की आहट पा रहा है। पूरा पटना गर्व से फूला नही समा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित