जयपुर , अप्रैल 27 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों को राजस्थान का सांस्कृतिक राजदूत बताते हुए कहा है कि वे अपनी माटी से दूर रहकर भी प्रदेश की संस्कृति को सहेजे हुए हैं और परंपराओं का निर्वहन कर रहे हैं।

श्री शर्मा रविवार को बेंगलुरु स्थित लोकभवन में राजस्थान राज्य स्थापना दिवस समारोह में भाग लेकर यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी कर्मभूमि से जन्मभूमि जैसे अभियान में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और अपनी मातृभूमि के विकास में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान का स्थापना दिवस केवल एक तारीख नहीं है बल्कि हमारी सनातन संस्कृति की पहचान, लोक परंपरा और अखण्डता का प्रतीक है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने पिछले वर्ष से राजस्थान स्थापना दिवस समारोह अंग्रेजी तारीख के स्थान पर भारतीय पंचांग की तिथि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाये जाने की पहल की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित