पटना , मार्च 14 -- बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से राज्य के 38 जिलों में संचालित 39 'अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय 2 उच्च विद्यालयों' में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम और मेधा सूची आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है। ण्एक मार्च 2026 को आयोजित इस परीक्षा के जरिए कक्षा 6, 7, 8 और 9 के लिए क्रमशः 1560, 338, 123 और 157 सीटों (कुल 2178 सीटों) पर छात्राओं का चयन किया गया है। छात्राएं और उनके अभिभावक विभागीय पोर्टल पर जाकर अपना परीक्षाफल देख सकते हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि पहले नामांकन की तिथि 16 मार्च से 23 मार्च 2026 तक निर्धारित की गई थी लेकिन शिक्षा विभाग के विद्यालयों में 12 मार्च से 19 मार्च 2026 तक छात्र-छात्राओं की वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नामांकन की तिथियों को आगे बढ़ा दिया गया है। अब चयनित छात्राओं का नामांकन 23 मार्च से 31 मार्च 2026 के बीच किया जाएगा।

सभी चयनित छात्राओं को 23 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 के बीच अपने आवंटित विद्यालय में रिपोर्ट करना अनिवार्य है। इस निर्धारित अवधि में उपस्थित न होने पर छात्रा की उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और उस सीट को रिक्त मानकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नामांकन के समय जाति प्रमाणपत्र,आवासीय प्रमाणपत्र,आय प्रमाणपत्र,आधार कार्ड और तीन पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लाना अनिवार्य है।

यदि किसी चयनित छात्रा के पास नामांकन के समय अपने पुराने स्कूल का विद्यालय परित्याग प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं है, तो उनका नामांकन नहीं रोका जाएगा। इसके एवज में छात्रा को अपने वर्तमान विद्यालय के प्रधानाध्यापक से एक प्रमाणित पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसमें छात्रा का नाम, माता-पिता का नाम, कक्षा और जन्म तिथि विद्यालय के अभिलेख के अनुसार दर्ज हो।इसके साथ ही, माता-पिता या अभिभावक को एक 'स्व-घोषणा पत्र' पर हस्ताक्षर कर देना होगा कि वे 15 अप्रैल 2026 तक अपनी बच्ची का विद्यालय परित्याग प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से नए विद्यालय में जमा कर देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित