चेन्नई , मार्च 15 -- तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने और अन्य मामलों में द्रमुक सरकार के विफल रहने का आरोप लगाते हुए 17 मार्च को पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
इस विरोध प्रदर्शन में राज्यसभा सांसद डॉ. अंबुमणि की अगुवाई वाली पीएमके, टीटीवी दिनाकरण की एएमएमके और पूर्व केंद्रीय जहाजरानी मंत्री जीके वासन की टीएमसी शामिल होगी।
अन्नाद्रमुक ने यहां जारी बयान में कहा कि विधायकों, जिला सचिवों और पूर्व मंत्रियों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा सभी गठबंधन दलों के नेता राज्य भर में आयोजित होने वाले इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।
आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राज्य में राजग का नेतृत्व कर रहे अन्नाद्रमुक के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी चेन्नई में इस आंदोलन की कमान संभालेंगे।
पार्टी विज्ञप्ति के अनुसार, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन मदुरई में विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता करेंगे, वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई कोयंबटूर में इसका नेतृत्व करेंगे। एक अन्य पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुश्री तमिलिसाई सौंदरराजन तिरुनेलवेली में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक वनती श्रीनिवासन तिरुप्पुर में, पीएमके के अंबुमणि कुड्डालोर में, एएमएमके संस्थापक और महासचिव दिनाकरण तंजावुर में और टीएमसी के अध्यक्ष वासन इरोड में प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित