हनुमानगढ़ , मार्च 18 -- राजस्थान में राज्य सरकार के कार्मिक विभाग के निर्देशानुसार मृत राज्य कर्मचारियों के आश्रितों के रूप में अनुकम्पा नियुक्ति के तहत 31 दिसंबर 2022 से पूर्व नियुक्त ऐसे कनिष्ठ सहायकों को, जिन्होंने निर्धारित समयावधि में टंकण परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, अब दो अतिरिक्त अवसर प्रदान किए गए हैं।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदीलाल मीणा ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए सभी विभागाध्यक्षों से कहा है कि उनके अधीन कार्यरत पात्र कार्मिकों को आगामी दो टंकण परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अनुमति प्रदान की जाए। संबंधित कनिष्ठ सहायकों से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन भरवाकर विभागाध्यक्ष की अनुमति सहित अनुशंसा के साथ 30 अप्रैल तक जिला कलेक्टर कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन कार्मिकों ने अब तक टंकण परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, उन्हें इन दो अतिरिक्त अवसरों, विशेषकर अंतिम अवसर के बारे में स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र कार्मिक परीक्षा से वंचित न रहे। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित