सागर , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के सागर संभाग में वित्तीय अनियमितताओं, प्रशासनिक लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों में कार्रवाई करते हुए संभागायुक्त अनिल सुचारी ने दो प्राचार्यों और एक शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सागर जिले के बीना विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भानगढ़ के प्रभारी प्राचार्य दीपचन्द्र चौधरी को गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग के प्रस्ताव पर की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी सागर के अनुसार श्री चौधरी के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच अनुविभागीय अधिकारी एवं दण्डाधिकारी बीना द्वारा गठित दल से कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन में उनके विरुद्ध गंभीर वित्तीय अनियमितताएं, नियम विरुद्ध अतिथि शिक्षकों की भर्ती, कस्तूरबा बालिका छात्रावास भानगढ़ में अनुचित स्थिति में प्रवेश तथा महिला शिक्षकों के साथ अशोभनीय व्यवहार जैसी शिकायतें प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाई गईं। इसके अलावा समग्र शिक्षा से संचालित छात्रावास में नियम विरुद्ध वार्डन नियुक्ति का मामला भी सामने आया।

इसी प्रकार निवाड़ी जिले के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुछीकरगुवां में पदस्थ उच्च माध्यमिक शिक्षिका कु. नीतिका तिवारी को अनुशासनहीनता और स्टाफ के साथ विवाद की शिकायतों के चलते निलंबित किया गया है। निवाड़ी जिला कलेक्टर के अनुसार उनके विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच जिला शिक्षा अधिकारी निवाड़ी द्वारा गठित दल से कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि कु. तिवारी का व्यवहार स्टाफ के साथ सामंजस्यपूर्ण नहीं था और वे आए दिन विवाद करती थीं, जिससे विद्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहे थे।

इसके अलावा छतरपुर जिले के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खजुराहो में पदस्थ प्राचार्य गणेश यादव को भी अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया गया है। कलेक्टर छतरपुर के अनुसार श्री यादव के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच जिला शिक्षा अधिकारी छतरपुर द्वारा कराई गई थी।

जांच में पाया गया कि उन्होंने शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डहर्रा में पदस्थ रहते हुए सत्र 2018-19 और 2019-20 के दौरान अतिथि शिक्षक चयन प्रक्रिया में अनियमितताएं और अन्य वित्तीय अनियमितताएं की थीं। प्रशासन ने तीनों मामलों में विभागीय जांच जारी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित