जालंधर , अप्रैल 16 -- पंजाब में जालंधर के जिला उपायुक्त वरजीत वालिया ने गुरुवार को कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता मौजूदा गेहूं खरीद सीजन को सुचारू और प्रभावी ढंग से संपन्न कराना है और जिला प्रशासन ने अनाज मंडियों में निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम कर लिए हैं।

जिला प्रशासनिक परिसर में स्थानीय मीडिया से बातचीत करते हुए श्री वालिया ने कृषि, बुनियादी ढांचे और सुशासन पर केंद्रित एक व्यापक रोडमैप साझा किया। किसानों को पूरा सहयोग देने का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी किसान को अपनी फसल बेचने में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

श्री वालिया ने बुनियादी ढांचे के विकास को एक अन्य प्रमुख क्षेत्र बताते हुए कहा कि नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और जारी परियोजनाओं को तेज करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा, "जिले में आधारभूत ढांचे को बढ़ावा देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।"डिप्टी कमिश्नर ने आगे कहा कि पंजाब सरकार की प्रमुख योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से 'मावां धियां सत्कार योजना' और 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं के लाभार्थियों का पंजीकरण सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित