बैतूल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनाज चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया अनाज और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी विदवान सिंह सिसोदिया निवासी कान्हाबघोली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 अप्रैल की रात अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर के आंगन में रखी फसल की बोरियों में से चार बोरी चना और दो बोरी मक्का चोरी कर लिया। इस पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 246/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान घटनास्थल पर मिले ऑटो के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर मुलताई क्षेत्र से आरोपी किसना साहू (34) और नितेश चौहान (26), दोनों निवासी कामथ, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से छह बोरी अनाज और ऑटो क्रमांक एमपी48 जेडजी 5215 जब्त किया गया।
बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 लाख 62 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित