मुंबई , दिसंबर 16 -- फिल्मफेयर अवार्ड्स ओटीटी के छठे संस्करण में डिजिटल मनोरंजन के क्षेत्र में अव्वल आने वाली सीरिज और कलाकारों को सम्मानित किया गया। इसमें ब्लैक वारंट ने सर्वश्रेष्ठ ओटीटी सीरीज का शीर्ष पुरस्कार जीता। पुरस्कारों की घोषणा सोमवार रात को की गई।
अभिनेत्री अनन्या पांडे ने 'कॉल मी बे' में अभिनय के लिए कॉमेडी सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर ओटीटी पुरस्कार जीतकर अपने करियर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
जयदीप अहलावत ने 'पाताल लोक सीजन 2' में अपनी भूमिका के लिए ड्रामा सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता।कॉमेडी श्रेणी में, बरुण सोबती और स्पर्श श्रीवास्तव ने क्रमशः 'रात जवान' और 'दुपहिया' में अपने अभिनय के लिए कॉमेडी सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर ओटीटी पुरस्कार साझा किया।
निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने को ब्लैक वारंट पर उनके काम के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (श्रृंखला) पुरस्कार से सम्मानित किया गया।अनन्या पांडे ने जहां कॉमेडी सीरिज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अपने नाम किया, वहीं अभिनेत्री मोनिका पंवार ने 'खौफ' में अभिनय के लिए ड्रामा सीरिज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर ओटीटी पुरस्कार जीता।
दिग्गज अभिनेता विनय पाठक को 'ग्राम चिकत्सालय' में उनकी भूमिका के लिए कॉमेडी सीरीज में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का फिल्मफेयर ओटीटी पुरस्कार मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित