पटना , नवंबर 14 -- बिहार में पटना जिले की चर्चित सीट मोकामा विधानसभा से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के उम्मीदवार अनंत सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी वीण देवी को 28206 मतो के अंतर से पराजित किया।

जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने 91416 वोट हासिल किये जबकि राजद की वीणा देवी को 63210 मत ही प्राप्त हुए।

'छोटे सरकार' के नाम से चर्चित अनंत सिंह फरवरी 2005 में मोकामा विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीते थे। इसके बाद अक्टूबर-नवंबर 2005,वर्ष 2010,वर्ष 2015,वर्ष 2020 में भी उन्होंने चुनाव जीता। हालांकि 15 जुलाई 2022 को एके-47 केस में सजा सुनाए जाने के बाद अनंत सिंह की विधानसभा की सदस्यता चली गई।इसके बाद रिक्त हुयी विधानसभा सीट पर नवंबर 2022 में हुये उपचुनाव में राजद की प्रत्याशी और अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने जीत हासिल की थी। मोकामा की भौगोलिक बनावट की वजह से यहां धन और बल का बोलबाला रहा है। यही वजह है कि यहां पिछले तीन दशक से बाहुबली ही विधायक चुने जाते रहे हैं। वर्ष 1990 में अनंत सिंह के भाई दिलीप सिंह जनता दल के टिकट पर चुने गए थे। वर्ष 1995 में भी उन्होंने दुबारा बाजी मारी लेकिन वर्ष 2000 में बाहुबली नेता सूरजभान सिंह यहां से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर विजयी होकर विधानसभा पहुंचे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित