भरतपुर , मार्च 28 -- राजस्थान में डीग जिला मुख्यालय पर प्रमुख मार्ग को चौड़ा करने के लिए अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद की कार्रवाई को लेकर शनिवार को हंगामा हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद की ओर से शुक्रवार शाम 128 दुकानदारों को जारी किये गए नोटिसों के विरोध में लोहा मंडी क्षेत्र के व्यापारियों ने शनिवार को अपनी दुकानें बंद करके विरोध प्रदर्शन किया।

जिला मुख्यालय पर बने तनाव के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद व्यापारियों और नगर परिषद के बीच हुई वार्ता में व्यापारियों को अपने वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन का समय दिया। इससे फिलहाल प्रशासन और व्यापारियों के बीच टकराव टल गया है।

व्यापारियों का आरोप है कि वर्षों से स्थापित दुकानों और व्यावसायियों पर उत्पीड़न की अचानक कार्रवाई न्याय संगत नहीं है। दूसरी तरफ नगर परिषद सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि 15 दिन की अवधि पूरी होने के बाद सभी दस्तावेजों की जांच की जाएगी एवं जिन मामलों में अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित