अहमदाबाद , जनवरी 22 -- अडानी टोटल गैस को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में समेकित आधार पर 158.65 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो सालाना आधार पर 11.43 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने गुरुवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि तिमाही के दौरान उसका कुल राजस्व 1,648.23 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले की तुलना में 17.07 प्रतिशत अधिक है।
प्राकृतिक गैस की खरीद पर लागत में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के बावजूद कंपनी का मुनाफा दहाई अंक में बढ़ा है।
कंपनी ने तिमाही के दौरान 18 नये सीएनजी स्टेशन खोले और 34,210 नये घरों को पीएनजी आपूर्ति नेटवर्क में जोड़ा। इससे सीएनजी स्टेशनों की संख्या बढ़कर 680 पर और पीएनजी नेटवर्क में शामिल ग्राहकों की संख्या 10.5 लाख पर पहुंच गयी है। तिमाही में कंपनी ने 148 नये औद्योगिक एवं वाणिज्यिक कनेक्शन दिये और इसके ग्राहकों की संख्या बढ़कर 9,751 पर पहुंच गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित