पुणे , जनवरी 13 -- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने मंगलवार को उद्योगपति गौतम अडानी के तेजी से उदय पर गंभीर सवाल उठाये।

उन्होंने बताया कि नवी मुंबई को छोड़कर गौतम अडानी ने देश में स्वतंत्र रूप से एक भी हवाई अड्डा विकसित नहीं किया है।

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री ठाकरे ने कहा कि श्री अडानी भारत के सीमेंट क्षेत्र में दूसरे सबसे बड़े उद्योगपति बनकर उभरे हैं, जबकि वह पहले कभी इस उद्योग का हिस्सा नहीं रहे। यह वृद्धि दूसरों के व्यवसायों को अधिग्रहित करके हुई है। उन्होंने टिप्पणी की कि यह कैसे हुआ? यह कुछ ऐसा है, जो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और हर नागरिक को समझना चाहिए।

तुलना करते हुए श्री ठाकरे ने कहा कि टाटा और अंबानी जैसे औद्योगिक समूहों ने अपने दम पर कंपनियां बनायीं, जबकि अडानी के विकास की कहानी अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी समूह ने हवाई अड्डे, बंदरगाह, सीमेंट और बिजली उत्पादन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में एकाधिकार बनाया है।

श्री ठाकरे ने चेतावनी दी कि जब महत्वपूर्ण उद्योगों में एकाधिकार हो जाता है तो उन क्षेत्रों में कोई भी अनियमितता पूरे देश को ठप कर सकती है। हालिया इंडिगो एयरलाइंस से जुड़ी गड़बड़ी का उदाहरण देते हुए कहा कि इस तरह का नियंत्रण गंभीर जोखिम पैदा करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित