भिण्ड , फरवरी 2 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के ऐतिहासिक अटेर किले में पर्यटन की संभावनाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर करोडीलाल मीणा ने किले का भ्रमण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान कहा कि अटेर किला जिले की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसे पर्यटन के नक्शे पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए सुनियोजित प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किले परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, संकेतक बोर्ड और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएं। साथ ही पर्यटकों को किले के इतिहास और महत्व की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षित गाइड सुविधा शुरू करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किले के संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और ऐतिहासिक संरचनाओं के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ न हो। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जिले की पहचान को नई दिशा मिलेगी।

भ्रमण के दौरान भिण्ड जिले के अन्य पर्यटन स्थलों को विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर पर्यटन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित