ग्वालियर , दिसंबर 25 -- मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरा ग्वालियर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर "अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट" स्थल पर "निवेश से रोजगार-अटल संकल्प" विषय पर प्रदर्शनी आयोजित की गई। समिट के मुख्य अतिथि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में स्व. वाजपेयी के राष्ट्रप्रेम को समर्पित जीवन-यात्रा और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। उनकी कविताओं, ओजस्वी भाषणों और राजनीतिक यात्रा के माध्यम से दूरदर्शिता, एकात्म मानववाद की विचारधारा तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। इसमें पोखरण परमाणु परीक्षण और गोल्डन क्वाड्रिलेटरल जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति और आर्थिक विकास की झलक भी प्रस्तुत की गई। सिंगाजी थर्मल पावर प्रोजेक्ट, मालनपुर भिंड की इलेक्जर पीवीसी प्लाइवुड इकाई, पीथमपुर ऑटो हब और भोपाल फूड पार्क जैसी प्रमुख परियोजनाओं के साथ ड्रोन टेक्नोलॉजी और एग्रीटेक क्षेत्रों में कार्यरत स्टार्ट-अप्स की सफल कहानियों के माध्यम से नवाचार, उद्यमशीलता और युवाओं के लिए अवसरों को रेखांकित किया गया।

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के अंतर्गत मंदसौर की अफीम, मैहर का हस्तशिल्प और छिंदवाड़ा का टिंकीरा चावल प्रदर्शित किए गए। जीआई टैग प्राप्त उत्पादों में विदिशा का लहसुनिया लाल चना, बालाघाट का काकड़ हाट चावल, मुरैना की सरसों से बने स्थानीय उत्पाद, मुरैना की जीआई टैग गजक तथा दतिया का प्रसिद्ध जीआई टैग बेलमेटल वर्क शामिल रहे। प्रदर्शनी ने निवेश को रोजगार से जोड़ने के अटल संकल्प को सशक्त रूप में प्रस्तुत करते हुए औद्योगिक विकास, नवाचार और स्थानीय उत्पादों के संवर्धन से सतत व समावेशी विकास की दिशा में अग्रसर मध्यप्रदेश की तस्वीर पेश की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित