कानपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में संचालित अटल आवासीय विद्यालय की शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिये प्रवेश परीक्षा आगामी आठ मार्च को आयोजित की जाएगी। अपर श्रम आयुक्त, कानपुर क्षेत्र, पी.के. सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत विद्यालय में कक्षा छह की 160 तथा कक्षा 9 की 66 सीटों पर प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा कराई जाएगी। यह परीक्षा 8 मार्च को पूर्वाह्न 11:00 बजे से कानपुर मंडल के सभी जनपदों में आयोजित होगी। पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
कानपुर नगर के 480 पात्र अभ्यर्थियों की परीक्षा अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम रामपुर नरूआ, तहसील बिल्हौर में प्रवेश के लिये आयोजित की जाएगी। इसके लिए परीक्षा केंद्र बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज, कानपुर निर्धारित किया गया है। कक्षा 6 की परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक तथा कक्षा 9 की परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक निर्धारित है। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि पर प्रातः 10:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित