अलवर , जनवरी 22 -- राजस्थान में अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र में बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटर साइकिल पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि उसकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि सौंख निवासी 19 वर्षीय पायल मीणा रीट का पेपर देकर रोडवेज बस से जयपुर से कठूमर लौट रही थी। वह कठूमर बस स्टैंड पर उतरी, लेकिन उसका बैग गलती से बस में ही रह गया। रात करीब आठ बजे बस स्टैंड पर उसे लेने आये उसके चाचा नरेश मीणा उसे मोटर साइकिल पर बिठाकर उसी रोडवेज बस का पीछा करते हुए नगर की ओर जाने लगे।

पुलिस ने बताया कि इसी दौरान तसई ग्राम के पास मानपुर पुलिया पर अज्ञात वाहन ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने नरेश मीणा को मृत घोषित कर दिया। छात्रा पायल मीणा की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित