मुंबई , जनवरी 28 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के एक विमान हादसे में अचानक निधन के बाद बॉलीवुड की कई हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
अभिनेता रितेश देशमुख ने उन्हें एक बहुआयामी नेता के रूप में याद किया। उन्होंने एक्स पर एक भावुक पोस्ट में लिखा, "अजीत दादा को एक दुखद दुर्घटना में खोने की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है, दिल टूट गया है। महाराष्ट्र के सबसे बहुआयामी नेताओं में से एक, वे काम में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं करते थे और अपने आसपास के लोगों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए निरंतर प्रेरित करते थे। वे कभी अपनी बात कहने में कतराते नहीं थे, उनकी हाजिरजवाबी बेमिसाल थी और पूरे राज्य में उन्हें बहुत प्यार किया जाता था।"श्री देशमुख ने कहा कि श्री पवार की असामयिक निधन एक बड़ी क्षति और एक ऐसा खालीपन छोड़ गया है जिसे भरा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, "मुझे उनके साथ कई बार बातचीत करने का सौभाग्य मिला है, मुझ पर बरसाई गई उनकी दयालुता हमेशा याद रहेगी। पवार परिवार, उनके प्रियजनों और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"अजीत पवार को ले जा रहा चार्टर्ड विमान पुणे के पास बारामती में उतरने के प्रयास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना ने राज्य भर में शोक की लहर पैदा कर दी है। श्री अजीत पवार एक अनुभवी नेता थे जिनका राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकपा) के भीतर काफी प्रभाव था और वह कई बार उपमुख्यमंत्री और मंत्री पद पर रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित