मुंबई , फरवरी 23 -- महाराष्ट्र सरकार ने पिछले महीने बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार देर शाम बताया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की ओर से सीबीआई जांच की मांग करते हुए पत्र मिला था। इसके बाद राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से मामला सीबीआई को सौंपने का अनुरोध किया। अब इस प्रकरण की जांच सीबीआई के साथ-साथ नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और राज्य सीआईडी द्वारा भी जारी रहेगी।
श्री फडणवीस ने कहा कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे की जांच कर रहा है और जल्द ही प्रारंभिक रिपोर्ट पेश करेगा। उन्होंने कहा, "रिपोर्ट आने दीजिए, उसके बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचें।"मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, "हम सभी स्तब्ध हैं, परिवार निश्चित रूप से गहरे सदमे में है। सभी शंकाओं का समाधान किया जाएगा और पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।"मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दुर्घटनाग्रस्त विमान की मालिक कंपनी वीएसआर द्वारा संचालित सभी उड़ानों का ऑडिट शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं चार-पांच बार उसी विमान से यात्रा कर चुके थे। वॉयस रिकॉर्डर से डाटा निकालने के लिए निर्माता कंपनी से तकनीकी सहायता ली गई है।
इस मामले में एनसीपी (एससीपी) विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने साजिश की आशंका जतायी है। उन्होंने कहा कि साजिश राजनीतिक या व्यावसायिक दोनों प्रकार की हो सकती है और यह पता लगाया जाना चाहिए कि इसके पीछे कौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि हो सकता है कि विमान मालिक कंपनी को संरक्षण दिया जा रहा और इस मामले में कई प्रभावशाली लोग शामिल हो सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित