नयी दिल्ली , मार्च 27 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को लोक सभा में महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार की हेलीकाप्टर में दुर्घटना में मौत हो जाने की घटना की विस्तृत जांच कराने की मांग की।

श्रीमती सुले ने कहा कि श्री पवार की हेलीकाप्टर दुर्घटना में मृत्यु के मामले की प्राथमिकी लिखवाने में उनके भतीजे रोहित पवार को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि एक उप मुख्यमंत्री की हादसे में मौत की प्राथमिकी लिखवाने में इतनी दुश्वारियां पेश आती हैं, तो आम आदमी को किसी मामले की प्राथमिकी लिखवाने में कितनी दिक्कतें होती होंगी। उन्होंने अहमदाबाद विमान दुर्घटना और अन्य विमान या हेलीकाप्टर दुर्घटनाओं की भी गहन और विस्तृत जांच की मांग की।

शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब में वेयर हाउसिंग विभाग के अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या मामले की केन्द्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में परिवार को प्राथमिकी लिखवाने में बड़ी दिक्कतें हुईं। पूरे पंजाब में इस घटना को लेकर बड़ा रोष है। पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है। उनकी मांगों पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित