मुंबई , जनवरी 28 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

श्री पवार का अंतिम संस्कार पुणे जिले में बारामती तहसील के काटेवाड़ी गांव में किया जायेगा और उसके पहले उनके पार्थिव शरीर को प्रशंसकों, समर्थकों और आम जनता के अंतिम दर्शन के लिए विद्या प्रतिष्ठान में रखा जाएगा।

विमान हादसे की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बारामती पहुंचे और श्री पवार की पत्नी एवं राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार से मिल कर इस दुख की घड़ी में उनको ढ़ाढ़स बंधाया। इस मुलाकात के दौरान अजित पवार की चचेरी बहन और सांसद सुप्रिया सुले भी वहां थीं। श्रीमती सुनेत्रा पवार और श्रीमती सुप्रिया सुले दोनों दुर्घटना की खबर मिलने के बाद दिल्ली से बारामती पहुंची थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) के वरिष्ठ नेता शरद पवार भी बारामती पहुंचे थे।

इस बीच राज्य सरकार ने कल गुरुवार को एक दिन के अवकाश और तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान सरकारी इमारतों पर राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई विशेष राजकीय कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

श्री पवार का बुधवार सुबह बारामती हवाई अड्डे पर विमान दुर्घटना में उस समय निधन हो गया, जब निजी विमान लियरजेट45 सुबह करीब पौने नौ बजे बारामती हवाई पट्टी पर उतर रहा था। यह विमान मुंबई से बारामती जा रहा था और इसमें श्री पवार के साथ एक निजी सुरक्षा अधिकारी, एक सहायक और चालक दल के दो सदस्य सवार थे।

स्थानीय लोग इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे और सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटना के कारणों और विमान को हुई क्षति की जांच की जा रही है। श्री पवार बारामती में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए रैलियों सहित कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे। इससे पहले मंगलवार को उन्होंने मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुनियादी ढांचे पर महाराष्ट्र कैबिनेट समिति की बैठक में भाग लिया था।

इस दुर्घटना से पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई है और विभिन्न नेताओं तथा नागरिकों ने उपमुख्यमंत्री के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अहमदनगर जिले के राहुरी तालुका के देवलाली प्रवरा में 22 जुलाई 1959 को जन्मे अजीत पवार महाराष्ट्र के एक प्रमुख राजनीतिक नेता थे, जिन्हें उनके समर्पण और गतिशील नेतृत्व के लिए जाना जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित