अजमेर , दिसंबर 22 -- राजस्थान में अजमेर के सत्र न्यायालय के बाहर मुख्य सड़क मार्ग पर स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर वकीलों और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विपिन जिंदल के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
घटना के बाद जिला प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच एक बार समझौता हुआ लेकिन अभियंताओं की एकता के आगे वह समझौता अमान्य साबित हो गया। घटना से आक्रोशित राज्यभर से आए अभियंताओं ने सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियंता विपिन जिंदल के साथ हुई मारपीट को अभियंताओं ने जानलेवा हमला करार देते हुए मांग की है कि अब कहीं भी ऐसे स्थान पर किसी भी विभाग से कोई भी अभियंता बिना पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के नहीं जाएगा।
प्रांतीय नेता एन एम माहेश्वरी ने खुले शब्दों में चेतावनी दी है की कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने मांग की है की अभियंता को प्रशासन के कहने पर विभाग ने मौके पर भेजा था और वह राजकीय सेवा में था उसके साथ इस तरह की घटना अभियंता बर्दाश्त नहीं करेंगे। वहीं दूसरी ओर घटना को लेकर आक्रोशित अभियंताओं ने पेन डाउन हड़ताल करके अपने रोष भी व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित