अजमेर , अप्रैल 17 -- राजस्थान में अजमेर के किशनगढ़ उपखंड में लापता मार्बल कारोबारी का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्री अमित 14 अप्रैल को घर से कार्यालय के लिए निकले, लेकिन उसके बाद न तो कार्यालय पहुंचे और न ही लौटकर घर आये । परेशान परिजनों ने मामले की शिकायत तुरंत मदनगंज थाना पुलिस को देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई। तीन दिन निकलने के बावजूद लापता अमित का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। परिजनों ने बताया कि अमित मार्बल के कारोबार में पिछले लंबे समय से कार्य कर रहे हैं और इंदौर में उनकी शादी हुई थी। सब कुछ ठीक था, लेकिन अचानक 14 तारीख को अमित अपने घर से निकले, लेकिन लौटकर नहीं आये।
अमित के परिजनों का कहना है की मृदु भाषी अमित का किसी से कोई बैर नहीं है और न ही उन्हें किसी तरह की गलत आदत है । ऐसे में अचानक लापता होना रहस्य बना हुआ है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित