जयपुर , फरवरी 26 -- राजस्थान में पुलिस मुख्यालय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार को अजमेर में जनसभा के मद्देनजर इस दिन प्रातः आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक किशनगढ़-गेगल-कायड़- ब्यावर मार्ग तथा किशनगढ़- गेगल-कायड़- अजमेर मार्ग के आसपास यातायात दबाव बढ़ने की संभावना के मद्देनजर भारी वाहन चालकों को इस मार्ग से न गुजरने एवं वैकल्पिक मार्ग अपनाने की एडवाइजरी जारी की है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी के सिंह ने बताया कि इस समयावधि में इन मार्गों पर यातायात जाम की स्थिति बन सकती है। आमजन की सुविधा एवं सुगम यातायात संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारी वाहनों (ट्रक, ट्रेलर एवं अन्य मालवाहक वाहन) को सलाह दी गई है कि वे 28 फरवरी को सुबह आठ से अपराह्न चार बजे तक किशनगढ़-गेगल-कायड़-ब्यावर एवं किशनगढ़-गेगल-कायड़- अजमेर मार्ग पर कायड़ एवं गेगल टोल के रास्ते से गुजरने से परहेज करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। संबंधित जिलों की पुलिस को डायवर्जन प्लान प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्री सिंह ने बताया कि इस संबंध में सोशल मीडिया, स्थानीय समाचार माध्यमों तथा अन्य संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि वाहन चालक पूर्व योजना बनाकर यात्रा करें और अनावश्यक असुविधा से बच सकें। पुलिस प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, जिससे सभी के लिए सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित