प्रयागराज , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के गंगापार के ग्रामीण इलाकों में पिछले दो दिनों से विशालकाय अजगर के आतंक से लोग दहशत में है।
उतरांव थाना क्षेत्र में आबादी के आसपास खेत में अजगर छोटे जानवरों को निगलना शुरू किया तो हंगामा मच गया। गंगापार इलाके में दो विशाल अजगर ने दो दिनों में दो नीलगाय और एक बकरी को निगल लिया। सोमवार को गंगापार के उतरांव थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में धान के खेत में विशाल अजगर ने नीलगाय को निगल लिया। वह काफी देर तक नीलगाय को दबोचे खेत में हलचल करता रहा। इस अजगर की लंबाई करीब 15 फिट बताई जा रही है। अजगर की पकड़ इतनी मजबूत थी कि कुछ ही मिनटों में नीलगाय ने दम तोड़ दिया। इसके बाद अजगर उसे निगलने लगा। कुछ लोगों ने दूर से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
नीलगाय को निगलने के बाद अजगर वहीं सुस्त पड़ा रहा।सूचना पर वन विभाग की टीम ने पहुंचकर अजगर का रेस्क्यू किया। टीन के सदस्यों ने जाल डालकर अजगर को पकड़ लिया। इसके बाद उस क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।
इससे पहले शनिवार को हंडिया स्थित हरिपुर बिन्दा गांव में एक विशालकाय अजगर देखा गया। खेत में अजगर एक बकरी को निगल गया। यह अजगर संघर्ष कोचिंग सेंटर के पास सड़क किनारे रेंगता हुआ देखा गया। फिर से खेत में चला गया। इसकी लंबाई 14 फिट बताई जा रही है।अजगर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस अजगर का रेस्क्यू भी वन विभाग की टीम ने कर लिया। अजगर को वन विभाग की रेस्क्यू टीम जंगल में ले गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित