गुवाहाटी , फरवरी 17 -- असम की वित्त मंत्री अजंता नियोग ने मंगलवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 62,294.78 करोड़ रुपये का अंतरिम बजट पेश किया और शुरुआती महीनों के खर्चों को पूरा करने के लिए 'लेखानुदान' की मांग की।
असम में विधानसभा चुनाव इस साल की शुरुआत में होने वाले हैं और उम्मीद है कि निर्वाचन आयोग जल्द ही विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा करेगा।
सुश्री नियोग ने अंतरिम बजट पेश करते हुए कहा, "पिछले पांच वर्षों में हासिल की गई उल्लेखनीय प्रगति की नींव विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन, बेहतर अनुपालन और राज्य के अपने संसाधन जुटाने को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों पर टिकी है।"वित्त मंत्री ने कहा, "केंद्र सरकार के साथ मिलकर, हमारी सरकार ने यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असोम (उल्फा), कार्बी, आदिवासी और डीएनएलए समूहों के साथ चार ऐतिहासिक शांति समझौते किए हैं, जिससे स्थायी शांति, स्थिरता और एकीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।"सुश्री नियोग ने कहा, "मैं इस विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी को तहे दिल से धन्यवाद देती हूँ। केंद्रीय बजट 2026-27 में, केंद्र सरकार ने उल्फा के साथ 2023 के शांति समझौते के तहत 5,000 करोड़ रुपये के विशेष विकास और पुनर्वास पैकेज की पहली किस्त के रूप में 500 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। यह असम में स्थायी आजीविका, पुनर्गठन और दीर्घकालिक शांति के उद्देश्य वाली परियोजनाओं का समर्थन करने के लिए है।"वित्त मंत्री ने कहा कि समझौते के तहत, हमारी सरकार ने भी बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं के लिए अपने संसाधनों से 3,000 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जताई है।
सुश्री नियोग ने कहा, "2021 से, असम में निरंतर शांति प्रयासों के परिणामस्वरूप कुल 9,022 पूर्व कैडरों ने 1,012 हथियार डाले हैं।"वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने न केवल एक लाख सरकारी नौकरियां देने का अपना वादा पूरा किया है, बल्कि पारदर्शी तरीके से 1.58 लाख से अधिक नियुक्तियां भी प्रदान की हैं।
सुश्री नियोग ने कहा, "इसके अलावा, भारत-भूटान संपर्क पहल के तहत हाल ही में 69 किलोमीटर लंबी कोकराझार-गेलेफू नई रेलवे लाइन को मंजूरी दी गई है। साथ ही ब्रह्मपुत्र नदी पर एक और पुल बनाकर जागीरोड स्थित सेमीकंडक्टर प्लांट से उदलगुरी होते हुए भूटान सीमा तक एक राजमार्ग परियोजना की योजना बनाई जा रही है।"वित्त मंत्री ने बताया कि 40 किलोमीटर लंबे सिलीगुड़ी कॉरिडोर के साथ भूमिगत रेलवे ट्रैक बनाने का दूरदर्शी प्रस्ताव 'चिकन्स नेक' को मजबूत करेगा और पूर्वोत्तर को शेष भारत से जोड़ने वाला एक सुरक्षित परिवहन मार्ग बनाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित