मॉस्को , दिसंबर 02 -- रूसी सेना ने डोनबास में क्रास्नोआर्मेस्क (पोक्रोव्स्क) और खारकोव क्षेत्र में वोल्चांस्क सहित कई प्रमुख अग्रिम पंक्ति के शहरों पर नियंत्रण कर लिया है।

रूस के जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को 30 नवंबर को एक कमांड पोस्ट के दौरे के दौरान यह जानकारी दी । श्री पुतिन को यह भी बताया गया कि ज़ापोराजिया क्षेत्र में गुलयायपोल को भी नियंत्रण में लेने का अभियान शुरू हो गया है।

इस बीच राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति ने आगामी सर्दियों के दौरान युद्ध अभियानों के लिए सैनिकों को सभी आवश्यक चीज़ प्रदान करने के लिए निर्देश दिये हैं। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, रूसी सेना ने क्रास्नोआर्मेस्क-दिमित्रोव क्षेत्र में यूक्रेनी सेना को घेर लिया है, जिसमें दिमित्रोव क्षेत्र पर अब रूस का नियंत्रण हो गया है।

उल्लेखनीय है कि श्री गेरासिमोव ने नवंबर की शुरूआत में कहा था कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर कुपियांस्क पर रूसी सेना ने नियंत्रण स्थापित कर लिया था। ओस्कोल नदी के पास स्थित यह शहर एक महत्वपूर्ण रसद केंद्र है, जो रूस को पश्चिम की ओर आगे बढ़ने में सक्षम बनाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित