अम्बिकापुर , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को लखनपुर स्थित अपने निज निवास पर क्षेत्र के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से भेंट कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिला जनसम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) से शुक्रवार मिली जानकारी के अनुसार श्री अग्रवाल के इस जनसंपर्क कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने खुलकर अपनी मांगें रखीं। स्थानीय निवासियों ने सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था में सुधार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री अग्रवाल ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरतापूर्वक लेते हुे आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और क्षेत्रीय विकास की हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदनों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को भी कहा ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके।
श्री अग्रवाल की यह भेंट मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि संवेदनशील संवाद का उदाहरण बनकर उभरी। उनके व्यवहार में सहजता, सहृदयता और आत्मीयता स्पष्ट रूप से देखी गई। मंत्री का मानना है कि एक जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल योजनाओं की घोषणा करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना ही वास्तविक जनसेवा है। उनकी कार्यशैली में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता झलकती है, जिसके कारण क्षेत्र के लोग उन्हें सहज, सुलभ और संवेदनशील जनप्रतिनिधि के रूप में देखते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित