जयपुर , मार्च 06 -- राजस्थान के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल ने शुक्रवार को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया और इस दौरान शिकायतों के समाधन के निर्देश दिये।
श्री अग्रवाल ने सचिवालय स्थित इस हेल्पलाइन के निरीक्षण के दौरान विभाग से संबंधित शिकायतों पर परिवादियों से बात कर फीडबैक लिया और उन्होंने बीकानेर के रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायत के समाधान के लिए मौके पर ही संंबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज विभाग से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान विभाग की नयी योजनाओं को संपर्क पोर्टल सब्जेक्ट में शामिल करने और पुराने और अन्य विभागों से जुड़े सब्जेक्ट को हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान बताया गया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर एक जनवरी 2024 से आज तक उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से जुड़े 13 हजार 541 प्रकरण दर्ज हुये। इनमें से 12 हजार 828 प्रकरणों (95 प्रतिशत) का निस्तारण कर दिया गया। औसत निस्तारण समय 19 दिन रहा और करीब 62 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर आमजन से जुडी शिकायतों के निस्तारण के उद्देश्य से सभी विभागों के सचिव चार मार्च से 28 अप्रैल तक निर्धारित तिथियों में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर स्वयं उपस्थित रहकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित