बैतूल , फरवरी 04 -- अग्निवीर भर्ती 2026 में आयु सीमा में किए गए बदलाव के विरोध में बैतूल जिले के सैकड़ों युवाओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने भर्ती नियमों में अचानक किए गए संशोधन को अनुचित बताते हुए इसे वापस लेने अथवा एक बार की विशेष छूट देने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने बताया कि पहले अग्निवीर भर्ती के लिए जन्मतिथि की सीमा 1 अक्टूबर 2005 निर्धारित थी, जिसे अब बदलकर 1 जुलाई 2006 कर दिया गया है। इस बदलाव के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ओवरएज हो गए हैं, जबकि वे लंबे समय से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। कई युवा प्रशिक्षण के उद्देश्य से अपने गांव छोड़कर बैतूल में रह रहे थे।

युवाओं का कहना है कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और तैयारी के बावजूद अचानक नियम बदल दिए जाने से उनका भविष्य संकट में पड़ गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि अग्निवीर भर्ती 2026 में एक बार के लिए आयु सीमा में विशेष छूट दी जाए, ताकि पहले से तैयारी कर रहे युवाओं को अवसर मिल सके। प्रदर्शनकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए युवाओं के हित में न्यायसंगत निर्णय लेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित