एमसीबी , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर 13 फरवरी से शुरू हो गया है और आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि एक अप्रैल निर्धारित है। इच्छुक अभ्यर्थी एक अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह योजना युवाओं को सैन्य सेवा के साथ अनुशासन, आधुनिक कौशल और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है।
भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा लगभग 17 वर्ष 6 माह से 21-22 वर्ष तक निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। भर्ती में जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क और ट्रेड्समैन जैसे विभिन्न पद शामिल हैं। महिला अभ्यर्थियों के लिए महिला सैन्य पुलिस के अंतर्गत भी अवसर उपलब्ध हैं।
भर्ती प्रक्रिया का संचालन रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय द्वारा किया जा रहा है। कर्नल अरुण कालिया के नेतृत्व में राज्यभर में इस भर्ती अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है। अधिक से अधिक युवाओं को इस योजना से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
भर्ती के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिला शिक्षा विभाग और रोजगार विभाग को भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
अग्निपथ योजना "टूर ऑफ ड्यूटी" आधारित भर्ती प्रणाली है, जिसके अंतर्गत चयनित युवाओं को चार वर्ष तक सेना में सेवा का अवसर मिलता है। इस अवधि के दौरान उन्हें आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है। प्रशिक्षण और सेवा अनुभव भविष्य में अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त करने में भी सहायक माना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित