चम्पावत , दिसंबर 18 -- उत्तर भारत का सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला अगले वर्ष 27 फरवरी से शुरू होगा। यह मेला 15 जून, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें व्यापक चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि हर साल आयोजित होने वाले मां पूर्णागिरि मेले का शुभारंभ 27 फरवरी (एकादशी) को होली से पूर्व किया जाएगा तथा यह मेला 15 जून तक चलेगा।

उन्होंने कहा कि मेले में भारत और नेपाल के लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सड़कों एवं पैदल मार्गों के सुधारीकरण, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग, सुरक्षा, आवास, संचार तथा स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि मेले के सफल संचालन के लिए उप जिलाधिकारी पूर्णागिरी को मेला मजिस्ट्रेट तथा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने अवगत कराया कि मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की दो एंबुलेंस 24 घंटे तैनात रहेंगी तथा बेहतर चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर तक टैक्सियों का संचालन शटल सेवा के माध्यम से किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित