, March 5 -- संयुक्त राष्ट्र, 05 मार्च (वार्ता/शिन्हुआ) संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष की आधिकारिक वेबसाइट पर बुधवार को जारी दस्तावेज़ों के मुताबिक, अगले संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पद के लिए दो और उम्मीदवारों को नामांकित किया गया है।
अफ्रीकी संघ के मौजूदा चेयर बुरुंडी ने सेनेगल के पूर्व राष्ट्रपति मैकी सैल का नाम इस पद के लिए दिया है, जबकि कोस्टा रिका ने अर्थशास्त्री और कोस्टा रिका की पूर्व उपराष्ट्रपति रेबेका ग्रिनस्पैन को इस पद के लिए आगे किया है।
नये नामांकन के साथ, इस पद के लिए अभी चार उम्मीदवार दौड़ में हैं। बाकी दो उम्मीदवार चिली की पूर्व राष्ट्रपति मिशेल बैचेलेट हैं, जिन्हें चिली, ब्राजील और मैक्सिको ने नामांकित किया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के मौजूदा महानिदेशक राफेल ग्रॉसी को अर्जेंटीना ने नामांकित किया है।
संरा महासभा के अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक ने बुधवार को संरा के सदस्य देशों को लिखे एक पत्र में 20 अप्रैल वाले हफ़्ते में उम्मीदवारों के साथ होने वाली बातचीत के तरीकों के बारे में बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित