डेरा बाबा नानक , मार्च 21 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को कहा कि 2027 में शिअद की सरकार बनने पर थीन बांध पर 50,000 करोड़ रूपये का टूरिज्म हब बनाया जाएगा।
पार्टी के 'पंजाब बचाओ' अभियान के तहत वरिष्ठ नेता सुच्चा सिंह लंगाह के साथ यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए शिअद अध्यक्ष ने कहा कि यह टूरिज्म हब क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ यहाँ के युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शिअद राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पैकेज देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, "इन प्रोत्साहनों में सस्ती बिजली और टैक्स में छूट शामिल होगी। साथ ही हम यह शर्त भी रखेंगे कि सभी उद्योगों को अपने कुल कर्मचारियों में 75 प्रतिशत पंजाबियों को रखना होगा।" उन्होंने अमृतसर में एक आईटी हब बनाने की भी घोषणा की, जो पूरे सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के लिए वरदान साबित होगा।
श्री बादल ने कहा कि राज्य को अपनी राजधानी के अधिकार से वंचित कर रिपेरियन सिद्धांत के खिलाफ इसके आधे दरियाई पानी को छीनकर राजस्थान को दे दिया गया और 1966 में पुनर्गठन के दौरान पंजाबी भाषी क्षेत्रों को बाहर छोड़ दिया गया। उन्होंने जोर दिया कि 2027 में सरकार बनने पर पार्टी राजस्थान नहर में पानी के प्रवाह को रोक देगी। उन्होंने कहा, "हम नई नहरें बनाएंगे और इस पानी को अपने किसानों के खेतों तक ले जाएंगे।"शिअद अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री द्वारा बोले जा रहे झूठ का भी पर्दाफाश किया। उन्होंने कहा कि भगवंत मान ने 'इन्वेस्ट पंजाब' शिखर सम्मेलन के दौरान झूठ बोला था कि आप शासन में राज्य में 1.50 लाख करोड़ रूपये का निवेश आया है। उन्होंने कहा, "ताजा आरटीआई जानकारी से पता चला है कि पिछले चार वर्षों में राज्य में कुल निवेश केवल 2600 करोड़ रूपये हुआ है।" उन्होंने यह भी दावा किया कि आप सरकार किसानों को ट्यूबवेल के लिए दी जाने वाली मुफ्त बिजली सब्सिडी बंद करके महिलाओं को छह महीने के लिए Rs.1,000 प्रति माह भत्ता देने की तैयारी में है।
शिअद अध्यक्ष ने युवाओं के लिए Rs.10 लाख के ब्याज मुक्त ऋण, विस्तारित 'आटा-दाल योजना' को फिर से शुरू करने, वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाकर Rs.3,100 प्रति माह करने और शगुन योजना की राशि एक लाख करने की भी घोषणा की। उन्होंने यह भी वादा किया कि जिन किसानों के पास ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं है, उन्हें यह सुविधा दी जाएगी और दिन के समय 12 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक जिले में संबद्ध कॉलेजों के साथ एक 'वर्ल्ड स्किल यूनिवर्सिटी' स्थापित की जाएगी और सरकारी नौकरियां केवल पंजाबियों के लिए होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित